चेकपोस्ट में खड़ी कार से 1.5 लीटर शराब बरामद, तीन गिरफ्तार
किशनगंज, 03 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सीमावर्ती इलाकों में उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग की टीम ने फरिंगगोला चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान एक कार से 1.5 लीटर अवैध शराब बरामद की। मौके से कार सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है।
उत्पाद विभाग की टीम फरिंगगोला चेकपोस्ट पर नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार में छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई। शराब मिलते ही टीम ने कार में सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया और वाहन को जब्त कर लिया।
उत्पाद विभाग के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रतीक मोहन्ता, विश्वजीत रॉय और कीरोन कुमार बनिक के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को उत्पाद थाना लाया गया, जहां उनके विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम आरोपियों से पूछताछ कर शराब के स्रोत और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी जुटा रही है।
गौरतलब है कि किशनगंज जिला पश्चिम बंगाल की सीमा से सटा होने के कारण शराब तस्करी को लेकर संवेदनशील माना जाता है। इसे देखते हुए फरिंगगोला समेत सीमावर्ती चेकपोस्टों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। छोटे-बड़े वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।उत्पाद विभाग की कार्रवाई से शराब तस्करी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा है।अधिकारियों ने बताया कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सीमावर्ती मार्गों पर संदिग्ध वाहनों की जांच और निगरानी को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह