13 वर्षीय मेनका की मौत डूबने से हुई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा
किशनगंज, 03 जून (हि.स.)। शहर के डुमरिया भट्टा वार्ड संख्या 29 निवासी 13 वर्षीय नाबालिग लड़की मेनका कुमारी की मौत पानी में डूबने से हुई थी। इस बात का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है।
मामले को लेकर किशनगंज पुलिस ने मंगलवार देर रात प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी साझा की। पुलिस के अनुसार, मृतका के मामा लक्ष्मण कुमार साह ने सदर थाना में मेनका कुमारी की गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में बताया गया था कि मेनका 28 मई को शाम करीब चार बजे घर से घूमने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी।
परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। साथ ही नाबालिग लड़की की तलाश के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में एक जून को मेनका का शव उसके मामा के घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित शिवगंगा घाट, डुमरिया भट्टा तालाब के पानी से बरामद किया गया था।
शव मिलने के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल बन गया था। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। अब प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अब तक की जांच के आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि नाबालिग की मौत पानी में डूबने के कारण हुई है। पुलिस ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि मामले में मानवीय आसूचना (ह्यूमन इंटेलिजेंस) और तकनीकी साक्ष्यों का भी सहारा लिया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि होने के बावजूद मामले के अन्य पहलुओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। वैज्ञानिक अनुसंधान और साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया जारी है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को स्पष्ट किया जा सके।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह