तालाब में डूबने से 13 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 


किशनगंज, 28 मई (हि.स.)। ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय किशोर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना कुर्लिकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत पेट्रोल पंप के समीप रेल गेट के पास स्थित एक तालाब की है।

हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान ठाकुरगंज नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 6 स्थित नीटाल बस्ती निवासी रोहित सहनी के रूप में हुई है। वह सिकंदर सहनी का पुत्र था।

परिजनों के अनुसार रोहित गुरुवार दोपहर घर के समीप स्थित पोखर में नहाने के लिए गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई और उसकी खोजबीन शुरू की गई। स्थानीय लोगों ने आसपास तलाश की तो तालाब में डूबने की आशंका जताई गई। इसके बाद ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में खोज अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद रोहित का शव तालाब से बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर कुर्लिकोट थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एंबुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही ठाकुरगंज के अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी तथा बताया कि सरकारी प्रावधानों के तहत आपदा राहत मद से परिजनों को मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।

वहीं नगर चेयरमैन सिकंदर पटेल ने भी घटनास्थल पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और हर किसी की आंखें नम हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह