बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, 12 वर्षीय नाबालिग हिरासत में
किशनगंज, 30 अगस्त (हि.स.)। जिले के सदर थाना क्षेत्र में रविवार को पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना का आरोप पड़ोस में रहने वाले 12 वर्षीय नाबालिग लड़के पर लगा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। वहीं, बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बच्ची के पिता के अनुसार, रविवार सुबह वह मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गए थे, जबकि उनकी पत्नी घरेलू काम में व्यस्त थीं। करीब नौ बजे बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला नाबालिग उसके पास पहुंचा और बिस्किट देने का झांसा देकर उसे अपने घर ले गया। करीब एक घंटे तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर उसकी मां ने तलाश शुरू की। आसपास के लोगों से जानकारी मिलने पर वह आरोपी के घर पहुंचीं, जहां से बच्ची बाहर निकल रही थी।
परिजन के अनुसार, घर लौटने के बाद बच्ची के निजी अंग से रक्तस्राव होने लगा। इसके बाद पिता को सूचना दी गई और बच्ची को अस्पताल ले जाया गया।चिकित्सकीय जांच के बाद परिजन को दुष्कर्म की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने बच्ची को घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि बच्ची और आरोपी दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। बच्ची की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और प्राथमिकी के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 12 वर्ष है। इसलिए उसके खिलाफ कार्रवाई किशोर न्याय कानून के प्रावधानों के तहत की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह