सारण में रसोई गैस जमाखोरी और कालाबाजारी के विरुद्ध 12 प्राथमिकियां दर्ज

 




सारण, 16 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी ने जिले में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की वर्तमान स्थिति को लेकर मीडिया के साथ ब्रीफिंग की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सारण जिले में रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।

जिलाधिकारी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि जिले में प्रतिदिन की औसत खपत की तुलना में अधिक सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। गैस के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता भी पर्याप्त बनी हुई है, इसलिए आम जनता को किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला प्रशासन द्वारा आपूर्ति नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक सक्रिय रहता है। साथ ही साथ दो हेल्पलाइन नंबर 06152-245023 / 245026 जारी किया गया है। नियंत्रण कक्ष को अब तक कुल 937 शिकायतें प्राप्त हुई हैं जिनमें से 917 का निराकरण कर दिया गया है। शेष शिकायतों पर तेजी से काम चल रहा है।

अवैध भंडारण और कालाबाजारी करने वालों को चेतावनी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन लगातार छापेमारी कर रहा है। अब तक गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी के विरुद्ध 12 प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं। इसके अतिरिक्त गैस वितरण कार्य में व्यवधान डालने के आरोप में भी एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि उन्हें गैस वितरण या कीमतों को लेकर कोई समस्या हो, तो वे तत्काल नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबरों पर संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार