दिघलबैंक में 175 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 12 गिरफ्तार, लाखों की नकदी समेत कई सामान जब्त
किशनगंज, 18 जुलाई (हि.स.)।किशनगंज पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिघलबैंक थाना क्षेत्र से 175 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 11 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर खरवान टोली निवासी रिज्वाबुल हक़ के घर पर छापेमारी कर की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त घर में अवैध रूप से ब्राउन शुगर का कारोबार संचालित किया जा रहा है। इसके बाद गठित विशेष पुलिस टीम ने छापेमारी कर मौके से 175 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। साथ ही प्रतिबंधित दवाइयां, 81 लाख 37 हजार 75 रुपये भारतीय मुद्रा, 21 लाख 22 हजार 30 नेपाली रुपये तथा 100 पाकिस्तानी नोट भी जब्त किए गए। इसके अलावा 13 मोबाइल फोन, एक टैब, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू और दो मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं।
पुलिस का मानना है कि जब्त नकदी और उपकरण अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े हो सकते हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अख्तर आलम, आल शेर, बबलू मियां, जीवन श्रेष्ठ, शकुरुद्दीन, रुस्तम अंसारी, सद्दाम अंसारी, मोहम्मद आलम, रहीम अंसारी, प्रेम खानाल, मोहम्मद इस्लाम तथा हसीना खातून के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य ब्राउन शुगर की आपूर्ति करने वाले गिरोह और इसके नेटवर्क का पता लगाना है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि इस अवैध कारोबार के तार किन-किन क्षेत्रों और राज्यों से जुड़े हैं। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने इसे जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह