बंगाल से मुंगेर जा रही 107 लीटर विदेशी शराब जब्त, कार सवार गिरफ्तार
किशनगंज, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 107 लीटर विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के कदम रसूल के समीप जांच अभियान के दौरान की गई। शराब तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है। उत्पाद निरीक्षक हैदर अली के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कदम रसूल के पास वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में छिपाकर रखी गई 107 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद टीम ने कार को जब्त करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मुंगेर जिले के सुजीत कुमार के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपित ने उत्पाद विभाग को बताया कि शराब की खेप पश्चिम बंगाल के कानकी से लोड कर मुंगेर ले जाई जा रही थी। पुलिस और उत्पाद विभाग अब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
रविवार को उत्पाद अधीक्षक दीपक मिश्रा ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब की तस्करी रोकने के लिए लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह