मौत और जिंदगी के बीच दौड़ी 102 एंबुलेंस, कोबरा के जहर को मात देकर घर लौटी नन्ही नैन्सी
किशनगंज, 25 जून (हि.स.)। जिले में 102 एंबुलेंस सेवा ने एक बार फिर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावशीलता साबित करते हुए एक मासूम बच्ची की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई है।
कोचाधामन क्षेत्र के कटेलबाड़ी गांव की रहने वाली नन्ही नैन्सी प्रवीण को 20 जून को खेलते समय एक जहरीले कोबरा सांप ने काट लिया था। सर्पदंश के बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी, जिससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन बच्ची को तत्काल बहादुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, किशनगंज रेफर कर दिया। इसी बीच 102 एंबुलेंस सेवा जीवनरक्षक साबित हुई। सूचना मिलते ही एंबुलेंस चालक संदीप कुमार और ईएमटी देवराज कुमार मौके पर पहुंचे और बच्ची को सुरक्षित सदर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल तक के सफर के दौरान चालक ने कुशलता और तत्परता का परिचय देते हुए कम समय में एंबुलेंस पहुंचाई, जबकि ईएमटी ने लगातार बच्ची की निगरानी कर आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई। सदर अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने तीन दिनों तक लगातार उपचार और निगरानी की। अथक प्रयासों के बाद नैन्सी की स्थिति में सुधार हुआ और वह पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट सकी।
बेटी के स्वस्थ होने पर उसके पिता सेदर रहमान ने गुरुवार को सदर अस्पताल पहुंचकर चालक संदीप कुमार और ईएमटी देवराज कुमार को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समय पर एंबुलेंस सेवा नहीं मिलती तो उनकी बेटी को बचाना मुश्किल हो सकता था।
जिलाधिकारी नवीन कुमार ने इस घटना को स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और प्रभावशीलता का उदाहरण बताते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक समय पर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना है।
वहीं सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि सर्पदंश जैसी आपात स्थितियों में समय पर उपचार जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभाता है। क्लस्टर लीडर आशिफ रहमानी ने बताया कि जिले में 102 एंबुलेंस सेवा प्रतिदिन 62 से अधिक मरीजों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करा रही है।
जून माह में अब तक करीब 1800 मरीज इस सेवा का लाभ उठा चुके हैं। वर्तमान में जिले में 34 एंबुलेंस संचालित हैं, जो शहर से लेकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक चौबीसों घंटे स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह