बंदरझूला के आदिवासी टोले में शत-llplप्रतिशत पात्र परिवारों को मिलेगा सुअर पालन योजना का लाभ

 


किशनगंज, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में पशुपालन, गव्य, मत्स्य एवं कॉम्फेड विभाग के पदाधिकारियों के साथ कार्य प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ठाकुरगंज प्रखंड की बंदरझूला पंचायत स्थित आदिवासी टोले में सुअर पालन योजना के तहत सभी पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करने का विशेष निर्देश दिया गया। समीक्षा बैठक में डीएम ने संबंधित विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की स्थिति तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि योजनाओं का क्रियान्वयन केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका वास्तविक लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। बंदरझूला पंचायत के आदिवासी टोले में सुअर पालन योजना को लेकर डीएम ने जिला पशुपालन पदाधिकारी को विशेष रूप से निर्देशित किया कि क्षेत्र में जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उनकी पात्रता का सत्यापन कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि योजना के दायरे में आने वाला कोई भी पात्र परिवार लाभ से वंचित नहीं रहे। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय होकर आवश्यक प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी करने को कहा गया।डीएम नवीन कुमार ने कहा कि पशुपालन आधारित योजनाएं ग्रामीण और आदिवासी परिवारों की आजीविका को मजबूत करने तथा उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। इसलिए पात्र लाभुकों को योजना की जानकारी देने और नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पशुपालन, गव्य, मत्स्य एवं कॉम्फेड विभाग के अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने, निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने तथा क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया। बैठक में जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी तथा कॉम्फेड सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह