नवादा में 100 बीघा से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख, दमकल पर लापरवाही का आरोप

 


नवादा, 10 अप्रैल (हि.स.)।जिले के रजौली थाना क्षेत्र के अंधरवारी गांव में शुक्रवार को को गेहूं के खेतों में भीषण आग लगने से किसानों की भारी क्षति हो गई। इस अगलगी में करीब 100 बीघा से अधिक क्षेत्र में लगी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और किसान अपनी फसल बचाने के लिए दौड़ पड़े, लेकिन तेज हवा के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवा के चलते आग तेजी से एक खेत से दूसरे खेत तक फैलती चली गई, जिससे आसपास के कई किसानों की तैयार फसल इसकी चपेट में आ गई। सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। कुछ देर बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि आग बुझाने के दौरान दमकल की गाड़ी में पानी खत्म हो गया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। इस दौरान किसानों और अग्निशमन कर्मियों के बीच नोकझोंक भी हुई। किसानों का कहना है कि यदि पर्याप्त पानी और संसाधन होते तो इतनी बड़ी क्षति से बचा जा सकता था।

स्थानीय किसान बिपिन सिंह ने बताया कि इस अगलगी में आधा दर्जन से अधिक किसानों की गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई है, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। किसानों ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। घटना के बाद गांव में मायूसी का माहौल है और प्रभावित किसान अपनी बर्बाद फसल को देखकर चिंतित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन