भैंस को बचाने के प्रयास में नदी में डूबे पशुपालक की मौत

 


सुपौल, 06 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के परसरमा-परसौनी पंचायत अंतर्गत बलियास पट्टी वार्ड संख्या-09 में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 42 वर्षीय पशुपालक की खैरदहा नदी में डूबने से मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान बलियास पट्टी वार्ड संख्या-09 निवासी दशरथ यादव (42), पिता स्वर्गीय जागो यादव के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि दशरथ यादव पशुपालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार को वह रोज की तरह अपनी भैंस को नहलाने के लिए घर के पास स्थित खैरदहा नदी गए थे।प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, नहलाने के दौरान भैंस अचानक गहरे पानी में चली गई। उसकी रस्सी हाथ से छूटने पर दशरथ यादव उसे काबू करने के लिए नदी के भीतर चले गए, लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण पानी में डूब गए।

काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में नदी किनारे पहुंचे। वहां भैंस नदी के दूसरे किनारे खेत में चरती हुई मिली, लेकिन दशरथ यादव का कोई पता नहीं चला। इसके बाद ग्रामीणों ने नदी में खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उनका शव नदी से बरामद किया गया।घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।दशरथ यादव अपने पीछे दो पुत्र, चार पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों के मुताबिक, वे परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र