पिपरा थाना क्षेत्र में छापेमारी, 21 लीटर नेपाली शराब बरामद, एक गिरफ्तार

 


सुपौल, 08 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिपरा थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान कुल 21 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई तथा इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विधि-सम्मत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।

यह कार्रवाई बिहार पुलिस एवं गृह विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र