अनियंत्रित बाइक दीवार से टकराई, युवक-युवती की मौके पर ही मौत
नवादा,08 अप्रैल (हि.स.)। जिले के रजौली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। बुधवार को हरदिया स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप अनियंत्रित बाइक के दीवार से टकरा जाने से बाइक सवार युवक एवं युवती की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक काफी तेज गति से जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीखा मोड़ के पास चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बाइक सीधे दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक युवक की पहचान झारखंड राज्य के हजारीबाग जिला अंतर्गत खुदर थाना क्षेत्र के कोनहारा निवासी अजहर अंसारी के पुत्र मो. मझहर अंसारी के रूप में हुई है। वहीं बाइक पर सवार युवती की पहचान मेसकौर थानाक्षेत्र के बिजुबिगहा में ससुराल होने की बताई जा रही है।सूत्रों की माने तो एक माह पूर्व ही उक्त युवती का विवाह बिजुबिगहा गांव मे हुआ था।और दुर्घटना से पूर्व भी वो अपने पुरूष मित्र के साथ भाग गई थी।जिसके बाद परिवार के आपसी सहमति के बाद मृतिका के पति ससुराल लेकर आया था। पुनः बुधवार को अपने पुरुष मित्र के साथ भागने का प्रयास कर रही थी और दुर्घटना की शिकार हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रजौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया हेतु भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त स्थान पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन