आकाशीय बिजली ने ली दो की जान, ताड़ के पेड़ के नीचे छिपे थे चारों

 

सीवान, 16 सितंबर (हि.स.)। जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के दरबेसपुर गांव में बुधवार को अपराह्न करीब दो बजे बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।

मृतकों की पहचान दरबेसपुर निवासी रुदल यादव के पुत्र प्रिंस यादव तथा स्वर्गीय रघुनी यादव के पुत्र बंधु यादव के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में कृष्णा यादव के पुत्र सोनू यादव और अशोक यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के संबंध में बताया जाता है कि चारों लोग पास के बगीचे में मवेशी बांधने के लिए गए थे।

इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए चारों लोग एक ताड़ के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी बीच तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली ताड़ के पेड़ पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से प्रिंस यादव और बंधु यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू यादव और अशोक यादव गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर हुसैनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma