बिहार के सीवान में तालाब में नहाने गए दो मासूमों की डूबने से मौत

 




सीवान, 25 मई (हि.स.)।बिहार में सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र स्थित पिनर्थू खुर्द पंचायत के पसीवड़ धानुक टोला गांव में सोमवार की दोपहर हादसे में दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृत बच्चों की पहचान मुन्ना महतो के 10 वर्षीय पुत्र बीरू कुमार तथा अमित कुमार के 11 वर्षीय पुत्र हर्षित कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार की दोपहर करीब 1:30 बजे दोनों बच्चे अपने दोस्तों के साथ गांव के एक निजी तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्त को डूबता देख दूसरा बच्चा उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह भी गहरे पानी में समा गया।

तालाब में मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही दरौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह तथा सीओ वेद प्रकाश नारायण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया।

सीओ वेद प्रकाश नारायण ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि जिस पोखरा में हादसा हुआ उसकी गहराई काफी अधिक है, बावजूद इसके बच्चे वहां नहाने चले जाते हैं। ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma