कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व एमएलसी का निधन, नीतीश ने जताया शोक

 
पटना, 15 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधान पार्षद विजय शंकर मिश्रा का शनिवार को निधन हो गया। वे 68 साल के थे। उनके निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी गहरा शोक जताया है। उनके निधन पर कांग्रेस में भी शोक की लहर है।

पूर्व विधान पार्षद के परिजनों के मुताबिक, बिहार प्रदेश के कद्दावर नेता, पूर्व विधान परिषद विरोधी दल के उपनेता मिश्रा का शनिवार को हृदय गति रुक जाने के कारण निधन हो गया। उनके पुत्र मनीष गौतम ने बताया कि रविवार को उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।

बेहद सरल और मृदुभाषी मिश्र के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि वे कुशल राजनेता एवं समाजसेवी थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।

इधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने भी वरिष्ठ नेता मिश्र के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस के लिए बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई मुश्किल है। उन्होंने कहा कि समाज के निचले तबके के लोगों से उनके मित्रवत व्यवहार को हमेशा याद किया जाएगा।

बिहार प्रदेश युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ललन कुमार ने मिश्र के निधन को पार्टी के अलावे व्यक्तिगत क्षति बताया है। उन्होंने कहा कि मिश्र राजनीति की एक पाठशाला थे और हम जैसे युवाओं के लिए वे हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने मिश्र को अपना आदर्श बताते हुए कहा कि उनका जाना बिहार कांग्रेस के लिए बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई मुश्किल है।

मिश्र के निधन पर कांग्रेस के पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार ने भी गहरी शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि बिहार ने आज एक सदाचार वाला नेता खो दिया।

इसके अलावे कई अन्य नेताओं ने भी पूर्व विधान पार्षद के निधन पर अपनी संवेदना प्रकट की है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएनएम