मानसून में बेहद खूबसूरत हो जाते हैं ये शांत बीचेस, जरूर बनाएं ट्रिप का प्लान
बरसात में समुद्र की उठती लहरों का नजारा बेहद मनमोहक और देखने लायक होता है। बारिश में समुद्र तटों के आसपास फैली हरियाली, ताजी हवा और गूंजती लहरों की आवाज मन को बेहद सुकून देती है। अगर आप भी भीड़-भाड़ से दूर किसी शांत जगह पर सुकून के कुछ पल बिताना चाहती हैं, तो भारत के इन 3 शांत बीचेस की ट्रिप का प्लान बना सकती हैं।
बरसात में समुद्र की उठती लहरों का नजारा बेहद मनमोहक और देखने लायक होता है। बारिश में समुद्र तटों के आसपास फैली हरियाली, ताजी हवा और गूंजती लहरों की आवाज मन को बेहद सुकून देती है। अगर आप भी भीड़-भाड़ से दूर किसी शांत जगह पर सुकून के कुछ पल बिताना चाहती हैं, तो भारत के इन 3 शांत बीचेस की ट्रिप का प्लान बना सकती हैं।
मानसून में घूमने के लिए भारत के 3 शांत बीचेस
बारिश की बूंदों के बीच समंदर की लहरों को देखना किसे पसंद नहीं होता है। अगर आपको भी ऐसा कुछ पसंद है, तो इस बरसात आप भारत के 3 फेमस बीचेस को एक्सप्लोर कर सकती हैं।
1. कप्पड बीच (कोझिकोड, केरल)
अगर आप बरसात के मौसम में अपने पार्टनर या दोस्तों के साथ बीच पर जाने का मन बना रही हैं, तो आपके लिए कोझिकोड में बसा खूबसूरत कप्पड बीच सबसे बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। ऐतिहासिक महत्व रखने वाले इसी कप्पड बीच पर वास्को द गामा ने पहली बार भारत की धरती पर कदम रखा था। यह बीच अपनी स्वच्छता और शांति के लिए पूरे भारत में प्रसिद्ध है। यहां दूर-दूर तक फैला शांत पानी मानसून में और भी सुंदर और ग्रेसफुल दिखता है।
ऐसे पहुंचें कप्पड बीच: कप्पड बीच जाने के लिए निकटतम हवाई अड्डा कोझिकोड (कालीकट) अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा है, जो बीच से लगभग 45 किमी दूर है। आप यहां से टैक्सी लेकर लगभग 1 घंटे में पहुंच सकती हैं। वहीं सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन कोझिकोड जंक्शन है, जो बीच से लगभग 18 किमी दूर स्थित है।
2. बटरफ्लाई बीच (गोवा)
दक्षिण गोवा के पालोलेम और अगोंडा बीच के पास एक बेहद खूबसूरत बीच मौजूद है। यह पहाड़ियों और घने जंगलों से घिरा एक छोटा, सुंदर और छिपा हुआ समुद्र तट है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका आकार है, जो तितली जैसा नजर आता है। इसे देखने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं। ऐसे में अगर आप फोटोग्राफी और एकांत में वक्त बिताने की शौकीन हैं, तो यह बीच आपके लिए परफेक्ट रहेगा।
ऐसे पहुंचें बटरफ्लाई बीच: बटरफ्लाई बीच पहुंचने के लिए निकटतम एयरपोर्ट मोपा स्थित मनोहर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा या डाबोलिम हवाई अड्डा है। इसके अलावा सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन मडगांव है, जो लगभग 36 किमी दूर है। एयरपोर्ट और स्टेशन दोनों से ही आपको पालोलेम या अगोंडा के लिए टैक्सी या बस आसानी से मिल जाएगी। पालोलेम या अगोंडा बीच से आप नाव (मोटरबोट) के जरिए बटरफ्लाई बीच तक पहुंच सकती हैं।
3. ऋषिकोंडा बीच (विशाखापट्टनम, आंध्र प्रदेश)
सुनहरी रेत, साफ पानी और हरी-भरी पहाड़ियों से घिरा विशाखापट्टनम का यह खूबसूरत बीच भी मानसून में घूमने के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन हो सकता है। यह तट चारों तरफ से घने जंगलों और ऊंची पहाड़ियों से घिरा हुआ है। ऐसे में आप कपल्स ट्रिप या हनीमून के लिए भी यहां जा सकती हैं। यहां आप शहर के शोर-शराबे से दूर अपने पार्टनर के साथ शांति से कुछ दिन बिता सकती हैं। आपको बीच के आसपास स्टे के लिए कई बेहतरीन रिसॉर्ट्स और होटल्स मिल जाएंगे।
ऐसे पहुंचें ऋषिकोंडा बीच: ऋषिकोंडा बीच का सबसे नजदीकी एयरपोर्ट विशाखापट्टनम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा है, जो बीच से लगभग 25 किमी दूर है। वहीं बात करें रेलवे स्टेशन की, तो विशाखापट्टनम जंक्शन सबसे पास पड़ेगा। एयरपोर्ट और स्टेशन से बाहर निकलते ही आपको बीच के लिए ऑटो, कैब और लोकल बसें आसानी से मिल जाएंगी।