गर्मियों में सिर्फ आम ही नहीं, इन 5 चीजों के अचार भी बढ़ा देंगे खाने का जायका; जानें रेस‍िपी

आमतौर पर ज़्यादातर घरों में आम का अचार बनाया जाता है, लेकिन आप चाहें तो आम के अलावा भी और कई तरह के अचार बना सकती हैं। अच्छी बात ये है कि आप ये अचार घर पर ही आसान तरीके से बना सकती हैं। इसमें ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती है। आप यकीन मानिए, ये खाने का जायका बढ़ा देंगे। हम आपको उन अचारों के नाम बता रहे हैं। आइए जानते हैं-

 

गर्मियों में खानपान को लेकर ज़्यादा ध्यान देने की सलाह दी जाती है। भारतीय थाली की बात करें तो दाल-चावल, रोटी-सब्ज़ी और सलाद के अलावा अचार की भी एक अलग ही जगह है। हालांकि, आपने देखा होगा जैसे ही गर्मियों की शुरुआत होती है, लोगों के घरों से आचार बनने की खुशबू आने लगती है। हर घर में अचार की खुशबू और स्वाद अलग ही मजा देता है।

आमतौर पर ज़्यादातर घरों में आम का अचार बनाया जाता है, लेकिन आप चाहें तो आम के अलावा भी और कई तरह के अचार बना सकती हैं। अच्छी बात ये है कि आप ये अचार घर पर ही आसान तरीके से बना सकती हैं। इसमें ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती है। आप यकीन मानिए, ये खाने का जायका बढ़ा देंगे। हम आपको उन अचारों के नाम बता रहे हैं। आइए जानते हैं-

नींबू का अचार

नींबू का अचार भी गर्मियों में खूब पसंद किया जाता है। ये खाने में खट्टा-मीठा और बहुत ही स्वादिष्ट होता है। खास बात तो ये है कि नींबू का अचार पाचन के लिए भी अच्छा माना जाता है। इसे बनाने के लिए-

नींबू को छोटे टुकड़ों में काट लें
अब इसमें नमक, हल्दी, थोड़ा सा लाल मिर्च पाउडर, सौंफ और कलौंजी मिलाएं
अब सरसों का तेल डालकर अच्छे से मिक्स करें
4 से 5 दिन धूप में रखें
आपका नींबू का अचार तैयार है

हरी मिर्च का अचार

अगर आपको तीखा पसंद है, तो हरी मिर्च का अचार सबसे बेस्ट है। ये खाने के स्वाद को बढ़ा देता है। इसे बनाने के लिए-

सबसे पहले हरी मिर्च को धोकर सुखा लें
अब बीच में चीरा लगाएं
इसमें नमक, सौंफ और अमचूर भर दें
ऊपर से सरसों का तेल डालें
कुछ ही दिनों में ये तैयार हो जाएगा

गाजर का अचार

गाजर का अचार हल्का मीठा और क्रंची होता है। अभी बाजारों में गाजर आ भी रहे हैं। तो आप स्वादिष्ट गाजर का अचार तैयार कर सकती हैं। इसे बनाने के लिए-

गाजर को धुलकर अच्छे से पोंछ लें
अब इसे लंबा-लंबा काट लें
अब नमक, हल्दी और लाल मिर्च मिलाएं
थोड़ा सिरका और सरसों का तेल डालें
इसे 2-3 दिनों तक धूप में रखें
गाजर का अचार तैयार हो जाएगा

कटहल का अचार

मेरी दादी गर्मी के मौसम में आम के अलावा कटहल का अचार भी जरूर बनाती हैं। इसे बनाना भी बहुत आसान है। इसे बनाने के लिए-

कटहल को पीस-पीस में काट लें
अब इन्हें कुकर में दो सीटीं लगने तक पका लें
इसके बाद इन्हें धूप में सुखा लें
अब इसमें नमक, हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर मिला लें
इसके अलावा खड़े मसाले जैसे सौंफ, राई, मेथी, कलौंजी और सिरका मिलाएं
इन्हें अच्छे से मिक्स करने के बाद सरसों का तेल मिलाएं
अब इन्हें 3 से 4 दिन तक तेज धूप में रखें
कटहल का अचार तैयार है
ध्यान रहे कि अचार बनाने के लिए हमेशा कच्चे कटहल का ही इस्तेमाल करें।

लहसुन का अचार

लहसुन का अचार स्वाद के साथ सेहत के लिए भी अच्छा माना जाता है। आप बिना सब्जी के पूड़ी और पराठा लहसुन के अचार के साथ खा सकती हैं। इसे बनाने के लिए-

लहसुन की कलियां छील लें
अब नमक, हल्दी, मिर्च और मेथी दाना डालें
सरसों का तेल गर्म करके ठंडा करके मिलाएं
कुछ दिन इसे धूप में रखें
इसका स्वाद थोड़ा अलग और बहुत मजेदार होता है

इन बातों का रखें ध्‍यान

सरसों का तेल हमेशा गर्म करके ही इस्‍तेमाल करें
गीले हाथ से अचार न न‍िकालें
समय-समय पर धूप द‍िखाते रहें