कैसे तैयार करें सत्तू का शरबत, स्वाद ऐसा कि बार-बार पीने का मन करे, तुरंत नोट करें आसान रेसिपी

गर्मियों में शरीर को ठंडक और ताजगी देने के लिए सत्तू का शरबत एक बेहतरीन विकल्प माना जाता है। यह न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि शरीर को हाइड्रेट रखने में भी मदद करता है। पोषक तत्वों से भरपूर सत्तू का शरबत बनाने के लिए आपको आधा कप ताजा सत्तू, आधा बारीक कटा प्याज, आधे नींबू का रस, एक छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर, लगभग एक-तिहाई चम्मच लाल मिर्च पाउडर, दो चम्मच कटा हरा धनिया, एक चम्मच ताजी पुदीने की पत्तियां, थोड़ा चाट मसाला, काला नमक और स्वादानुसार साधारण नमक की जरूरत होगी।

सबसे पहले पुदीने की पत्तियों और हरे धनिए को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लें। इसके साथ ही प्याज को भी छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर तैयार कर लें।

इसके बाद एक बड़े बर्तन में सत्तू को छान लें ताकि उसमें गांठें न रहें। अब इसमें थोड़ा पानी डालें और साथ ही नमक, काला नमक, भुना जीरा पाउडर और लाल मिर्च पाउडर मिलाएं।

अब इस मिश्रण को अच्छे से घोल लें ताकि सभी मसाले सत्तू में अच्छी तरह घुल जाएं। इसके बाद इसमें कटे हुए प्याज, हरा धनिया, पुदीने की पत्तियां और नींबू का रस डालकर फिर से अच्छी तरह मिक्स करें।

अगले चरण में एक गिलास लें और उसमें ठंडा पानी व बर्फ के टुकड़े डालें। अब तैयार किया गया सत्तू का मिश्रण इसमें डालकर अच्छी तरह मिला लें।

लीजिए, आपका ठंडा-ठंडा सत्तू का शरबत तैयार है। इसे बनाना बेहद आसान है और इसमें ज्यादा समय या महंगी सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ती। इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। साथ ही यह सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होता है। गर्मियों में एक बार इस देसी और हेल्दी ड्रिंक को जरूर आजमाएं, यह आपको तरोताजा महसूस कराएगा।