डीएम ने चंदौली-सकलडीहा आरओबी का लिया जायजा, 24 दिन में काम पूरा कराने का दिया निर्देश

चंदौली। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने बुधवार की शाम मुख्यालय स्थित सकलडीहा रेलवे क्रासिंग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। निर्माण की धीमी रफ्तार पर कार्यदायी संस्था सेतु निगम के अफसरों की क्लास लगाई। उन्होंने 24 दिन के अंदर हर हाल में निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। लापरवाही पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2018 में जनपद आगमन के दौरान चंदौली-सकलडीहा क्रासिंग पर आरओबी निर्माण की घोषणा की थी। केंद्रीय मंत्री और सांसद डाक्टर महेंद्रनाथ पांडेय ने 2018 में इसका शिलान्यास किया। तब जनवरी 2019 तक निर्माण पूरा करने की अवधि निर्धारित की गई थी। कार्यदायी संस्था सेतु निगम ने धीमी गति से काम कराया। इसी बीच कोरोना संक्रमण भी बाधा बन गया। इसके चलते एक साल में पूरा होने वाले सेतु का निर्माण तीन साल बाद भी अधूरा है। इससे मुख्यालय पर जाम की समस्या बरकरार है। लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। मुख्यालय पर आए दिन जाम में राहगीरों के साथ ही अधिकारी भी फंसते हैं।

सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक ने बताया कि दोनों तरफ पहुंच मार्ग तक पुल तैयार हो चुका है। सिर्फ रेलवे ट्रैक के ऊपर का काम शेष है। डीएम ने कहा हर हाल में निर्माण 24 दिन के अंदर पूरा होना चाहिए। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तय समय के अंदर निर्माण पूर्ण नहीं हुआ तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। सीडीओ अजितेंद्र नारायण व अन्य मौजूद रहे।