आईआईटी बीएचयू के युवा वैज्ञानिक डॉ. प्रतीक चट्टोपाध्याय का निधन, शिक्षकों और छात्रों में शोक
वाराणसी। आईआईटी बीएचयू के कंप्यूटर साइंस एवं अभियांत्रिकी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रतीक चट्टोपाध्याय का रविवार सुबह लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से आईआईटी बीएचयू परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। संस्थान के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उनके असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
मूल रूप से कोलकाता के रहने वाले डॉ. चट्टोपाध्याय ने वर्ष 2017 में आईआईटी (बीएचयू) में सहायक प्रोफेसर के रूप में अपनी शैक्षणिक सेवाएं शुरू की थीं। अपनी प्रतिभा, शोध कार्यों और अकादमिक योगदान के दम पर उन्होंने संस्थान में महत्वपूर्ण पहचान बनाई। वर्तमान में वह कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे।
डॉ. चट्टोपाध्याय का शोध कार्य मुख्य रूप से इमेज एवं वीडियो प्रोसेसिंग, कंप्यूटर विजन, पैटर्न रिकग्निशन, मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग और जेनरेटिव मॉडलिंग जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों पर केंद्रित था। इन क्षेत्रों में उनके शैक्षणिक और शोध संबंधी योगदान को महत्वपूर्ण माना जाता है।
उनके निधन को संस्थान के शैक्षणिक और शोध जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। संस्थान के निदेशक सहित संकाय सदस्यों और अन्य कर्मियों ने उनके योगदान को याद करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।