महिला कजली महोत्सव में मानापुर की महिलाओं ने मारी बाजी, नागेपुर में जीवंत हुई काशी की लोक संस्कृति

लोक समिति और आशा ट्रस्ट के तत्वाधान में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, नागेपुर शाखा के सहयोग से प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में शनिवार को महिला कजली महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस महोत्सव में सेवापुरी ब्लॉक के मानापुर गाँव की महिलाओं ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। दूसरे स्थान पर राजपुर और तीसरे स्थान पर आशा सामाजिक विद्यालय, नागेपुर की नन्हीं बच्चियों की टीम रही।
 
वाराणसी,  लोक समिति और आशा ट्रस्ट के तत्वाधान में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, नागेपुर शाखा के सहयोग से प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में शनिवार को महिला कजली महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस महोत्सव में सेवापुरी ब्लॉक के मानापुर गाँव की महिलाओं ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। दूसरे स्थान पर राजपुर और तीसरे स्थान पर आशा सामाजिक विद्यालय, नागेपुर की नन्हीं बच्चियों की टीम रही।

कार्यक्रम में वाराणसी जिले के करीब 50 गाँवों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कजली महोत्सव में महिलाओं ने पारंपरिक कजरी गीतों के साथ-साथ देशभक्ति, मनरेगा, शिक्षा, महिला हिंसा, भ्रष्टाचार और मौजूदा समय में महिलाओं की स्थिति जैसे सामयिक मुद्दों पर आधारित गीतों के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की। इन गीतों ने न केवल दर्शकों का मन मोह लिया, बल्कि सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया।

काशी की सांस्कृतिक पहचान को समेटे इस आयोजन में बारिश के मौसम और लोक संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। कजरी महोत्सव में गाँव-गाँव की महिलाओं ने सधे स्वरों में कजरी प्रस्तुत की, जिसे सुनकर श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। दिनभर चली इस प्रतियोगिता का समापन इतनी सहजता से हुआ कि समय का पता ही नहीं चला।

विजेता टीमों को लोक समिति, आशा ट्रस्ट और यूनियन बैंक, नागेपुर शाखा की ओर से क्रमशः शील्ड, कंडाल, जग, बाल्टी और अन्य प्रतिभागी टीमों को थाली के रूप में सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गाँवों से आए महिला स्वयं सहायता समूहों की 30 टीमों ने हिस्सा लिया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रोहनिया विधायक सुनील सिंह पटेल, जिला पंचायत सदस्य अमन सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष मुकेश कुमार और लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के डीजीएम शैलेंद्र कुमार, एलडीएम अविनाश अग्रवाल और यूनियन बैंक, नागेपुर शाखा के प्रबंधक इंद्र मोहन ने दीप प्रज्वलन के साथ किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन काशी की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यूनियन बैंक के डीजीएम शैलेंद्र कुमार ने कहा, "आधुनिकता के दौर में हमारी प्राचीन संस्कृति लुप्त होती जा रही है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और हमारी लोक संस्कृति को मजबूती मिलती है।"

इस अवसर पर यूनियन बैंक की ओर से वित्तीय समावेशन कैंप का भी आयोजन किया गया, जिसमें सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई और कई लोगों को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता और ऋण प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन अनिता और आशा ने किया, स्वागत सोनी ने और धन्यवाद ज्ञापन लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने किया। आयोजन में रोहनिया विधायक सुनील सिंह पटेल, पूर्व विधायक महेंद्र सिंह पटेल, जिला पंचायत सदस्य अमन सिंह, विजय मौर्या, ग्राम प्रधान राम प्रकाश मास्टर, कन्हैया राजभर, क्षेत्र पंचायत सदस्य संतोष पटेल, अनीता, सोनी, विद्या, चंद्रकला, पंचमुखी, श्यामसुंदर, सीमा, मनीषा, मनजीता, प्रेमा, शिवकुमार, रामबचन, सुनील सहित स्वयं सहायता समूहों की सैकड़ों महिलाएँ उपस्थित रहीं। निर्णायक मंडल में बहादुर, लालचंद, रामसहारे, चंद्रिका, देवनाथ और ज्योति गुप्ता शामिल रहे।