वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर वाहन की टक्कर से महिला की मौत, परिजनों में मचा कोहराम 

चौबेपुर थाना क्षेत्र के पनिहरी गांव निवासी 35 वर्षीय संजू देवी की सोमवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। वह डुबकियां पावर हाउस के सामने वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पार कर रही थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
 

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के पनिहरी गांव निवासी 35 वर्षीय संजू देवी की सोमवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। वह डुबकियां पावर हाउस के सामने वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पार कर रही थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल संजू देवी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार, संजू देवी पत्नी अशोक कुमार सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे किसी काम से घर से निकली थीं। डुबकियां पावर हाउस के सामने सड़क पार करते समय वह हादसे का शिकार हो गईं। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

संजू देवी के परिवार में 16 वर्षीय बेटी सृष्टि और दो बेटे शांतनु (14) व डूग्गू (9) हैं। पति अशोक कुमार मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।