वाराणसी के मुस्तफा ने राष्ट्रीय स्केटिंग प्रतियोगिता में जीते दो स्वर्ण पदक, डब्ल्यू. एच. स्मिथ मेमोरियल स्कूल का बढ़ाया मान

 

वाराणसी। डब्ल्यू. एच. स्मिथ मेमोरियल स्कूल के प्रतिभाशाली स्केटर मुस्तफा ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और वाराणसी का नाम रोशन किया है। मुस्तफा ने महाराष्ट्र के ठाणे में आयोजित सीआईएससीई (CISCE) राष्ट्रीय स्केटिंग प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल की।

यह प्रतियोगिता 8 से 12 अक्टूबर तक हीरानंदानी फाउंडेशन स्कूल, ठाणे के अमेया क्लासिक इंटरनेशनल स्केटिंग ट्रैक पर आयोजित की गई थी। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 1200 खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों में प्रतिभाग किया।

दो स्पर्धाओं में जीते स्वर्ण पदक

मुस्तफा ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2000 मीटर रोड रेस और 1000 मीटर रिंक रेस, दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। राष्ट्रीय स्तर पर दोहरी सफलता से विद्यालय में खुशी का माहौल है।

विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. अनिता पॉलीन डे ने मुस्तफा की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच मुस्तफा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय को गौरवान्वित किया है।

मुस्तफा की इस सफलता पर विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल प्रत्याशा मुखर्जी, समन्वयक संगीता नायक और खेल शिक्षक मोहम्मद इसरार ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।