राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में वाराणसी की बेटी ने जीता स्वर्ण, काशी पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों से हुआ भव्य स्वागत

चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर चिरईगांव क्षेत्र की लूठा कला गांव की बेटी रंजना यादव ने काशी का नाम रोशन किया है। 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में रंजना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
 

 

वाराणसी। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर चिरईगांव क्षेत्र की लूठा कला गांव की बेटी रंजना यादव ने काशी का नाम रोशन किया है। 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में रंजना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है।

 

स्वर्ण पदक जीतने के बाद शुक्रवार को रंजना अपने परिजनों के साथ जाल्हूपुर स्थित श्री कच्चा बाबा आश्रम पहुंचीं। यहां उन्होंने दर्शन-पूजन किया। उनकी उपलब्धि की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में क्षेत्रीय खेल प्रेमी और गणमान्य लोग आश्रम पहुंच गए। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़े बजाकर और फूल-मालाओं से लादकर उनका भव्य स्वागत किया। लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

रंजना यादव, लूठा कला निवासी राजकुमार यादव की पुत्री हैं। एक भाई और पांच बहनों में सबसे छोटी रंजना को बचपन से ही खेलों में रुचि थी। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने स्थानीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था। लगातार मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय किया।

 

रंजना ने दसवीं तक की पढ़ाई आर्य महिला कॉलेज से पूरी की। इसके बाद हॉस्टल ट्रायल के माध्यम से मध्य प्रदेश की एक यूनिवर्सिटी में प्रवेश मिला। इसी विश्वविद्यालय की ओर से उनका चयन राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हुआ था। स्वागत करने वालों में प्रदीप, विकास, पंकज, दीनदयाल सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।