वाराणसी : संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खगरामपुर गांव में गुरुवार शाम एक 38 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। युवक गांव के लिंक मार्ग पर अचेत अवस्था में मिला था। परिजन उसे आनन-फानन में कछवां रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत को लेकर गांव में घरेलू विवाद और प्रेम-प्रसंग की चर्चाएं हैं।
खगरामपुर निवासी दीपक चौहान (38) पुत्र त्रिवेणी चौहान गुरुवार शाम करीब पांच बजे किसी निजी काम से बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। ग्रामीणों के मुताबिक, घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह बाजार की ओर चला गया। कुछ देर बाद गांव के लिंक मार्ग पर राहगीरों ने उसे अचेत अवस्था में पड़ा देखा। इसकी जानकारी परिजनों को दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
दीपक दो भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में 14 वर्षीय एक बेटी है। वह दूसरे प्रदेशों में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। अचानक हुई इस घटना से पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।