वाराणसी : नहर में मिला युवक का शव, हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने किया चक्काजाम

चोलापुर थाना क्षेत्र के अटेसुआ गांव के पास नहर में शुक्रवार को 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राकेश राजभर के रूप में हुई। शव मिलने की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने राकेश की हत्या कर शव नहर किनारे फेंके जाने का आरोप लगाया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर भोजूबीर-जौनपुर मार्ग पर आयर चौराहे के पास शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
 

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के अटेसुआ गांव के पास नहर में शुक्रवार को 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राकेश राजभर के रूप में हुई। शव मिलने की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने राकेश की हत्या कर शव नहर किनारे फेंके जाने का आरोप लगाया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर भोजूबीर-जौनपुर मार्ग पर आयर चौराहे के पास शव रखकर चक्काजाम कर दिया।

मृतक के भाई जितेंद्र कुमार राजभर ने आरोप लगाया कि राकेश की हत्या की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना में शामिल लोगों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। युवक का शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया गया कि राकेश की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। उसका पांच माह का एक बेटा भी है।

घटना की जानकारी मिलते ही चोलापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान हत्या के आरोप और गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस तथा ग्रामीणों के बीच नोकझोंक भी हुई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस की ओर से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है।