वाराणसी : युवती की संदिग्ध हाल में मौत, प्रेमी पर आरोप, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नगवा इलाके में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने युवती के प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नगवा निवासी कशिश का क्षेत्र के ही रहने वाले संजय कुमार साहिनी से पिछले करीब एक वर्ष से परिचय और प्रेम संबंध था। दोनों अलग-अलग बिरादरी से होने के कारण युवती के परिवार वाले इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। परिजन लगातार बेटी को युवक से दूरी बनाए रखने की सलाह देते रहे थे।
मंगलवार दोपहर कशिश अपने परिचित युवक के साथ क्षेत्र के एक पार्क से लौट रही थी। इसी दौरान परिजनों ने दोनों को साथ देख लिया। इसे लेकर परिवार के सदस्यों और युवती के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के बाद युवती वहां से भागकर पास के एक बहुमंजिला भवन पर पहुंच गई। इसके बाद वह ऊंचाई से नीचे गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची लंका थाना पुलिस ने युवती को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
मृतका के पिता राजकुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी का संजय कुमार साहिनी से प्रेम संबंध था और इसी कारण परिवार में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। उन्होंने युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कशिश परिवार की सबसे बड़ी संतान थी। उसके दो छोटे भाई हैं। पिता एक सराफा प्रतिष्ठान में कार्यरत हैं। बेटी की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।