वाराणसी : छठ पर मायके जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत, बाइक चला रहा बेटा घायल
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव स्थित पावर हाउस के पास हाईवे की सर्विस रोड पर शनिवार सुबह करीब 10 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस की मदद से भदवर स्थित अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल बेटे का उपचार किया गया। दूसरी बाइक पर सवार युवक को भी मामूली चोटें आईं।
भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर (भगवानपुर) निवासी कृष्णा उपाध्याय उर्फ शिवम अपनी मां मीरा उपाध्याय पत्नी अशोक उपाध्याय को बाइक से लेकर वाराणसी जा रहे थे। उन्हें अपनी मां को आजमगढ़ जाने के लिए बस पर बैठाना था। इसी दौरान बिहड़ा गांव के पास कछवां रोड की ओर से औराई जा रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मां-बेटे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने मीरा उपाध्याय को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि मीरा छठ पूजा के अवसर पर अपने मायके आजमगढ़ के भगवानपुर चिरैयाकोट बाजार जा रही थीं। उनके पति अशोक उपाध्याय सऊदी अरब में एक कंपनी में नौकरी करते हैं।
कछवां रोड चौकी प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि सड़क पर गिरने के कारण महिला के सिर में गंभीर चोट आई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे में शामिल दूसरी बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।