वाराणसी : अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी से महिला ने दी जान, आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। सिंधोरा थाना पुलिस ने एक महिला को कथित रूप से ब्लैकमेल कर मानसिक प्रताड़ना देने और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला के विवाह से पूर्व उसके संपर्क में था और शादी के बाद भी उसे लगातार परेशान कर रहा था। मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार को क्षेत्र भ्रमण, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम बालकिशुनपुर के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर प्रवीण पटेल उर्फ बाबू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चोलापुर थाना क्षेत्र के बालकिशुनपुर गांव का निवासी है।
मामले की शुरुआत मृतका के पति द्वारा दी गई तहरीर से हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रवीण पटेल उनकी पत्नी को लगातार फोन कर परेशान करता था। वह महिला के निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया तथा परिजनों के बीच वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता था। इसके अलावा आरोपी गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देकर महिला पर मानसिक दबाव बनाता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतका के बीच विवाह से पूर्व प्रेम संबंध थे। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके पास महिला के कुछ निजी फोटो और वीडियो थे। महिला के विवाह के बाद भी वह उससे संपर्क बनाए रखना चाहता था। इसी उद्देश्य से वह लगातार फोन कर उसे परेशान करता था और निजी सामग्री सार्वजनिक करने की धमकी देता था।
पुलिस के अनुसार लगातार हो रही प्रताड़ना और मानसिक दबाव से परेशान होकर महिला ने 14 मई 2026 को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद मृतका के पति की तहरीर पर सिंधोरा थाने में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने से संबंधित धारा 108 बीएनएस के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, उपनिरीक्षक रोहित कुमार तथा कांस्टेबल हिमांशु राय शामिल रहे।