वाराणसी : कारगर साबित हो रहा व्हाट्सएप कंट्रोल रूम, घर बैठे शिकायतों का निस्तारण
वाराणसी। नगर निगम की ओर से शुरू किया गया ह्वाट्सएप कंट्रोल रूम कारगर साबित हो रहा है। इसके जरिये रोजाना शिकायतों का निस्तारण हो रहा है। लोग घर बैठे अपनी समस्या बता रहे हैं। नगर निगम की टीम उस पर प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
नगर निगम प्रशासन ने साफ-सफाई, घरों से कूड़ा उठान, सीवर सफाई, पेयजल समस्या, स्ट्रीट लाइट, पशुबन्दी, मृत पशु का निस्तारण, मलवा का उठान, पत्थर-चैका मरम्मत, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र सम्बन्धी शिकायतों को प्राप्त किए जाने हेतु आगामी 7 दिसम्बर, 2023 से व्हाट्सएप्प नम्बर 8601872688 की शुरूआत की। इसके माध्यम से आम लोगों से शिकायतों को प्राप्त करते हुए उसका समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराया जा रहा है। नगर आयुक्त के निर्देश पर संचालित निगम की इस व्यवस्था के माध्यम से अब लोगों को साफ-सफाई, घरों से कूड़ा उठान, सीवर सफाई, पेयजल समस्या, स्ट्रीट लाइट, पशुबन्दी, मृत पशु का निस्तारण, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र सम्बन्धी शिकायतों के सम्बन्ध में नगर निगम के विभागों में जाकर आवेदन करने की आवश्यकता नहीं पड़ती है। उन्हें अपने मोबाइल के माध्यम से मात्र व्हाट्सएप्प के द्वारा अपना नाम, पता, शिकायत का विवरण एवं शिकायत सम्बन्धी जियोटैग फोटोग्राफ को मोबाइल नम्बर 8601872688 पर भेजना है। इसके उपरान्त नगर निगम की टीम उक्त शिकायतों के निस्तारण का कार्य कराती है।
नगर निगम की इस प्रक्रिया का उपयोग करते हुए विगत दिनों विभिन्न श्रेणियों की कुल 1608 शिकायतें प्राप्त हुईं। इसमें 437 शिकायतें वृहद मांग से सम्बन्धित हैं। शेष 1171 शिकायतों के सापेक्ष 972 शिकायतों का निस्तारण कराया जा चुका है। अवशेष 199 शिकायतों के निस्तारण की कार्रवाई प्रगति पर है। नगर निगम की ओर से शिकायतों के निस्तारण हेतु एक सप्ताह की समयावधि निर्धारित की गयी है।