वाराणसी : विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन, मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर विमर्श

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को रोहनिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शूलटंकेश्वर मंडल के खुशीपुर स्थित पंचायत भवन पर "विकसित भारत संकल्प सभा" का आयोजन मंडल अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह की अध्यक्षता में किया गया। बीजेपी की ओर से आयोजित कार्यक्रम के जरिये सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार किया गया। 
 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को रोहनिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शूलटंकेश्वर मंडल के खुशीपुर स्थित पंचायत भवन पर "विकसित भारत संकल्प सभा" का आयोजन मंडल अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह की अध्यक्षता में किया गया। बीजेपी की ओर से आयोजित कार्यक्रम के जरिये सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार किया गया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ने मोदी सरकार के बीते 11 वर्षों की विकास यात्रा, नीतियों और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कैसे सरकार ने गरीब कल्याण, बुनियादी ढांचे, डिजिटल सशक्तिकरण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और निर्णायक राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।

सभा के अंत में हाल ही में अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। सभा में भाजपा के मंडल, जिला, क्षेत्रीय एवं प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी, बूथ अध्यक्ष तथा अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन अमित कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री सुरेंद्र पटेल ने किया। 

इस अवसर पर धीरेंद्र प्रताप सिंह दीपक, मुकुंद लाल जायसवाल, विनोद सिंह, अमरनाथ गिरी, अनूप श्रीवास्तव, प्रदीप जायसवाल, कमलेश प्रजापति, जयकुमार जैसल, गौरव पटेल, शशिकांत श्रीवास्तव, सुधीर वर्मा राजू, अजय विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।