वाराणसी : वन महोत्सव सप्ताह का शुभारंभ, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत हुआ पौधारोपण
वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से 1 से 7 जुलाई तक मनाए जा रहे वन महोत्सव सप्ताह का शुभारंभ बुधवार को रोहनिया क्षेत्र के अखरी स्थित वीएनएस महिला महाविद्यालय में हुआ। पर्यावरण ऋषि अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में 'एक पेड़ मां के नाम' और 'एक विद्यार्थी–एक पौधा' अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर वन संरक्षक वाराणसी रवि कुमार सिंह और प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) निधि चौहान ने पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन संरक्षक रवि कुमार सिंह ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण आवश्यक है। डीएफओ निधि चौहान ने छात्राओं से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।
पौधा लगाने के साथ संरक्षण का लिया संकल्प
पर्यावरण ऋषि अनिल कुमार सिंह ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसके वृक्ष बनने तक संरक्षण का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सभी से प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया।
प्रतियोगिताओं से बढ़ाई पर्यावरण के प्रति जागरूकता
वन महोत्सव के दौरान छात्राओं के बीच भाषण, कविता और पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने "पेड़ लगाएंगे, पेड़ बचाएंगे और धरती को हरा-भरा बनाएंगे" का सामूहिक संकल्प लिया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रबंधक संदीप सिंह, एचएसएसएफ संयोजक मनोज कुमार, डिप्टी रेंजर राजकुमार गौतम, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।