वाराणसी : जिले में पहुंची यूपी बोर्ड की मार्कशीट, छात्रों में होगी वितरित
वाराणसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में सफल हुए विद्यार्थियों की मार्कशीट जिलों में पहुंच चुकी है। बोर्ड ने प्रदेश के सभी जिलों में अंकपत्र (मार्कशीट) भेज दिए हैं। वाराणसी मंडल समेत सभी जनपदों के विद्यालयों में 2 जुलाई से विद्यार्थियों को उनकी मार्कशीट वितरित की जाएगी।
यूपी बोर्ड ने इस वर्ष करीब 7.55 लाख विद्यार्थियों की मूल मार्कशीट तैयार कर जिलों को भेजी है। बोर्ड की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित तिथि से सभी विद्यालय अपने-अपने विद्यार्थियों को अंकपत्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
इस वर्ष यूपी बोर्ड परीक्षा में कुल 9,22,234 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें इंटरमीडिएट के 4,59,190 तथा हाईस्कूल के 4,63,015 छात्र-छात्राएं शामिल थे। परीक्षा परिणाम के अनुसार इंटरमीडिएट में 3,50,090 तथा हाईस्कूल में 4,04,417 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए। परिणाम घोषित होने के बाद बोर्ड ने अंकपत्र तैयार कर उन्हें संबंधित जिलों को भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
बोर्ड ने इस बार अंकपत्रों की व्यवस्था में विशेष सावधानी बरती है। पहले विद्यालयों को विद्यार्थियों की सूची उपलब्ध कराकर उनके नाम, माता-पिता के नाम तथा अन्य विवरणों का मिलान कराया गया। सभी जानकारियों का सत्यापन पूरा होने के बाद ही अंतिम रूप से मार्कशीट तैयार कर जिलों को भेजी गई हैं।
बोर्ड कार्यालय ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि वे अपने विद्यालय में प्राप्त मार्कशीट को सुरक्षित रखें और निर्धारित प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों को वितरित करें। जिन छात्रों की मार्कशीट में किसी प्रकार की त्रुटि हो, उसकी सूचना तत्काल बोर्ड कार्यालय को भेजी जाएगी ताकि समय रहते आवश्यक संशोधन कराया जा सके।