वाराणसी : स्कूल से घर नहीं लौटीं एक ही विद्यालय की दो सहेली छात्राएं, परिजनों ने दी तहरीर

लोहता थाना क्षेत्र के अलाउद्दीपुर गांव स्थित एक बालिका विद्यालय में कक्षा नौ में पढ़ने वाली दो नाबालिग छात्राओं के स्कूल से छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंचने से हड़कंप मच गया। दोनों छात्राएं आपस में सहेली बताई जा रही हैं। परिजनों ने लोहता थाने में लिखित तहरीर देकर दोनों की तलाश कराने की गुहार लगाई है।
 

वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के अलाउद्दीपुर गांव स्थित एक बालिका विद्यालय में कक्षा नौ में पढ़ने वाली दो नाबालिग छात्राओं के स्कूल से छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंचने से हड़कंप मच गया। दोनों छात्राएं आपस में सहेली बताई जा रही हैं। परिजनों ने लोहता थाने में लिखित तहरीर देकर दोनों की तलाश कराने की गुहार लगाई है।

परिजनों के अनुसार दोनों छात्राएं सोमवार, 7 सितंबर को रोज की तरह स्कूल पढ़ने गई थीं। दोपहर में छुट्टी होने के बाद दोनों घर नहीं पहुंचीं। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने स्कूल पहुंचकर जानकारी ली। वहां पता चला कि दोनों छात्राएं अपनी साइकिल विद्यालय में ही छोड़कर कहीं चली गई हैं।

इसके बाद परिजनों और परिचितों ने आसपास के संभावित स्थानों पर दोनों की काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। अंततः परिजनों ने लोहता थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी। लोहता थानाध्यक्ष अभिजीत सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त होते ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।