वाराणसी : वाहनों की टक्कर के बाद सड़क पर भिड़े दो पक्ष, जमकर चले लात-घूंसे, वीडियो वायरल
वाराणसी। शहर के सिगरा थाना क्षेत्र में वाहनों की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। सड़क पर ही दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े। इस दौरान जमकर लात-घूंसे चले। अचानक हुए हंगामे से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती रही।
घटना के दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में दोनों पक्षों के लोग आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। सड़क पर हुए इस विवाद के कारण आसपास से गुजर रहे लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर सिगरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ कर विवाद की वजह और मारपीट में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि वाहनों की टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। वायरल वीडियो के आधार पर भी घटना की जांच की जा रही है। मामले में तहरीर और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।