वाराणसी : हाईवे पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, महिला कांस्टेबल सहित दो घायल

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजूरी गांव स्थित नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें महिला कांस्टेबल समेत दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। 
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजूरी गांव स्थित नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें महिला कांस्टेबल समेत दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। 

भुवालपुर गांव निवासी 19 वर्षीय ईश्वर चंद्र राजातालाब से अपने घर की ओर जा रहे थे। उसी दौरान खजूरी से राजातालाब की दिशा में स्कूटी से जा रही कपसेठी थाने में तैनात महिला कांस्टेबल अंजू कुमारी से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि स्कूटी रांग साइड से आ रही थी, जिससे टक्कर बेहद तेज हो गई और दोनों वाहन सवार सड़क पर गिर पड़े।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खजूरी चौकी इंचार्ज गणेश प्रसाद पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल उपचार के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के दौरान दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद सर्विस रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।