वाराणसी : घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट और छेड़खानी, दो आरोपितों को पुलिस ने पकड़ा
वाराणसी। थाना चेतगंज पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज और महिलाओं से छेड़खानी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराध नियंत्रण और महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज और रोशन के रूप में हुई है, जो जनपद चंदौली के धरदे गांव के निवासी हैं।
घटना 27 अप्रैल की है। पीड़िता ने थाना चेतगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया कि दोनों आरोपी उसके कमरे में जबरन घुस आए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ छेड़खानी व बदसलूकी की। इतना ही नहीं, पीड़िता की बहन के साथ भी अशोभनीय हरकतें की गईं।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना चेतगंज में मुकदमा अपराध संख्या 108/2026 के तहत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक आदर्शिका और हेड कांस्टेबल नरेंद्र तिवारी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।