वाराणसी: ट्रक ने डंपर में मारी टक्कर, चालक गंभीर रूप से घायल, केबिन में फंसा
वाराणसी। खुशीपुर बाईपास रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे डंपर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसी में फंस गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों और पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। चालक रवि राजभर (30), निवासी ग्राम मदरा, जमालपुर (मिर्जापुर) केबिन में बुरी तरह फंस गया था। उसे बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन मंगाई गई और केबिन को काटकर काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं ट्रक में सवार खलासी विजय कुमार, निवासी मदरा जमालपुर (मिर्जापुर) को मामूली चोटें आईं। हादसे के चलते कुछ समय के लिए बाईपास पर यातायात बाधित रहा।
सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी राजू सिंह ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।