वाराणसी : पौधारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, विधायक के जन्मदिन पर पार्क में लगाए फलदार और छायादार पौधे 

पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से 95वीं बटालियन सीआरपीएफ और सृजन सामाजिक विकास न्यास के संयुक्त तत्वावधान में महमूरगंज स्थित शिवाजी नगर पार्क में वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का आयोजन कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव के जन्मदिन के अवसर पर किया गया। इस दौरान फलदार और फूलदार पौधे लगाकर पार्क को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया गया।
 

वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से 95वीं बटालियन सीआरपीएफ और सृजन सामाजिक विकास न्यास के संयुक्त तत्वावधान में महमूरगंज स्थित शिवाजी नगर पार्क में वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का आयोजन कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव के जन्मदिन के अवसर पर किया गया। इस दौरान फलदार और फूलदार पौधे लगाकर पार्क को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष एवं गंगा हरितिमा अभियान उत्तर प्रदेश के ब्रांड एंबेसडर अनिल कुमार सिंह ने किया। मुख्य अतिथि कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने पौधारोपण अभियान में भाग लिया और आयोजन में शामिल समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों तथा 95वीं बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट आरएस बालापुरकर और जवानों के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कमांडेंट आरएस बालापुरकर ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित और समृद्ध बनाने के लिए पौधारोपण को जनअभियान का रूप देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी उठानी चाहिए। विशिष्ट अतिथि सुगंधा श्रीवास्तव ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।

संस्था अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शिवाजी नगर पार्क को हरा-भरा और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के फलदार और फूलदार पौधे लगाए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशामुक्ति अभियान की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर प्रवीण कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, स्थानीय नागरिक और सीआरपीएफ के जवान मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में पार्क परिसर में केक काटकर विधायक सौरभ श्रीवास्तव का जन्मदिन मनाया गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और सम्मानित किया। पौधारोपण अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया।