वाराणसी : बिजलीकर्मियों को स्मार्ट मीटर और सुरक्षा मानकों का प्रशिक्षण
वाराणसी। आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के अंतर्गत संचालित सभी विद्युत उपकेंद्रों के संविदा कर्मियों के लिए बुधवार को ठठरा विद्युत उपकेंद्र पर एक विशेष प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्मार्ट मीटर संचालन, राजस्व वसूली में सुधार, सुरक्षित कार्य प्रणाली तथा विद्युत सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाना रहा।
बैठक में अधिकारियों ने संविदा कर्मियों को स्मार्ट मीटर से संबंधित तकनीकी जानकारियां प्रदान कीं। विशेष रूप से स्मार्ट मीटरों में नेगेटिव बैलेंस की निगरानी, उपभोक्ताओं को समय पर जानकारी देने तथा मीटर संचालन में आने वाली समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही जून माह के लिए निर्धारित राजस्व लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना होगा। बैठक में शटडाउन प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन पर भी विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान लाइनमैन एवं अन्य कर्मियों को सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य उपयोग, विद्युत लाइनों पर कार्य करने से पहले आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने तथा दुर्घटनाओं से बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई। अंत में सभी कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य संस्कृति अपनाने और सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी राजेश कुमार यादव, अवर अभियंता अखिलेश यादव, विनम्र पटेल, लालजी पटेल सहित क्षेत्र के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों के संविदा कर्मी उपस्थित रहे।