वाराणसी : पारिवारिक विवाद में टोटो चालक ने खाया जहर, नहीं पहुंची एम्बुलेंस, ऑटो से ले जाना पड़ा अस्पताल

चिरईगांव क्षेत्र में सोमवार को पारिवारिक विवाद से आहत एक टोटो चालक द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने का मामला सामने आया है। घटना चौबेपुर थाना क्षेत्र के संदहां गांव की है, जहां 45 वर्षीय संजीवन राजभर ने कथित रूप से घरेलू कलह के चलते यह कदम उठा लिया। एंबुलेंस न पहुंचने पर ऑटो से अस्पताल ले जाना पड़ा। 
 

वाराणसी। चिरईगांव क्षेत्र में सोमवार को पारिवारिक विवाद से आहत एक टोटो चालक द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने का मामला सामने आया है। घटना चौबेपुर थाना क्षेत्र के संदहां गांव की है, जहां 45 वर्षीय संजीवन राजभर ने कथित रूप से घरेलू कलह के चलते यह कदम उठा लिया। एंबुलेंस न पहुंचने पर ऑटो से अस्पताल ले जाना पड़ा। 

संजीवन राजभर का परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर उन्होंने आवेश में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

हालांकि, परिजनों को उस समय कठिनाई का सामना करना पड़ा जब 108 नंबर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। परिजनों का आरोप है कि काफी प्रयास के बावजूद एम्बुलेंस नहीं पहुंची, जिसके चलते उन्हें मजबूरी में घायल को ऑटो से जिला अस्पताल ले जाना पड़ा।

बताया गया कि पीएचसी पर एम्बुलेंस हेल्प डेस्क भी मौजूद है, लेकिन वहां से भी कोई ठोस मदद नहीं मिल सकी। इस संबंध में हेल्प डेस्क पर मौजूद कर्मी द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। वहीं, स्थानीय पुलिस घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद वापस लौट गई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद में जिला अस्पताल में भर्ती संजीवन की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।