वाराणसी : मंदिरों में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 11 घंटियां बरामद
वाराणसी। चौबेपुर पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत शातिर चोर को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी की 11 घंटियां बरामद की गईं। चोर ने घंटियां विभिन्न मंदिरों से चोरी की थीं। पुलिस उससे पूछताछ के साथ ही विधिक कार्रवाई में जुटी रही।
संतोष तिवारी ने मंदिर से घंटियां चोरी होने से संबंधित प्रार्थना पत्र पुलिस को दिया था। इसके आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने थाना क्षेत्र के टुडुआ गांव निवासी आरोपी विनोद यादव को गिरफ्तार किया।
उसके पास से चोरी की 11 घंटियां बरामद की गईं। पूछताछ में आरोपी ने मंदिर से घंटियां चोरी करने की बात स्वीकार की। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, एसआई नंदलाल कुशवाहा, हेड कांस्टेबल बृजभूषण, कांस्टेबल बाबादीन आजाद, शशि सरोज और महिला कांस्टेबल हिमांशु सिंह शामिल रहीं।