वाराणसी : धंसे मैनहोल होंगे समतल, नगर निगम ने शुरू की कवायद, प्रमुख मार्गों पर सुरक्षित सफर की तैयारी
वाराणसी। शहर की सड़कों पर सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने धंसे हुए मैनहोलों को दुरुस्त करने का अभियान शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर जलकल विभाग की टीम प्रमुख मार्गों पर सड़क के स्तर से नीचे चले गए सीवर मैनहोलों की पहचान कर उन्हें समतल करने में जुट गई है। इस पहल से वाहन चालकों और राहगीरों को झटकों के साथ-साथ संभावित दुर्घटनाओं से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर निगम के अनुसार, शहर के कई प्रमुख मार्गों पर समय के साथ मैनहोल के ढक्कन सड़क की सतह से नीचे धंस गए हैं। इससे वाहनों के गुजरने के दौरान झटके लगते हैं और विशेष रूप से रात के समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त ने विशेष रूप से सर्किट हाउस से भोजूबीर होते हुए ट्रेड फेसिलिटेशन सेंटर (टीएफसी) तक जाने वाले व्यस्त मार्ग पर ध्यान केंद्रित करने को कहा है। इस मार्ग पर बड़ी संख्या में प्रतिदिन वाहन गुजरते हैं और कई स्थानों पर धंसे हुए मैनहोल यातायात को प्रभावित कर रहे हैं। जलकल विभाग की टीम ऐसे सभी मैनहोलों को चिन्हित कर सड़क की सतह के बराबर लाने का कार्य कर रही है।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, केवल मैनहोल का स्तर ऊंचा करने तक ही कार्य सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उसके बाद संबंधित स्थानों पर आवश्यक पैचवर्क कर सड़क को पूरी तरह समतल बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि शहर के विकास और सुंदरीकरण के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा भी नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय के भीतर सभी चिन्हित मैनहोलों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि शहरवासियों को सुरक्षित और सुगम यातायात की बेहतर सुविधा मिल सके।