वाराणसी : कृष्ण-राधा के प्रेम प्रसंग ने मोहा मन, गणेश धाम कॉलोनी में भागवत कथा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु

नेवादा स्थित गणेश धाम कॉलोनी में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन रविवार को पूरा कथा परिसर भक्तिरस में सराबोर रहा। कथावाचक पंडित राहुल त्रिपाठी ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों और विवाह की कथाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। विशेष रूप से कृष्ण-राधा के प्रेम प्रसंग का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा के दौरान भजन और भगवान के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
 

वाराणसी। नेवादा स्थित गणेश धाम कॉलोनी में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन रविवार को पूरा कथा परिसर भक्तिरस में सराबोर रहा। कथावाचक पंडित राहुल त्रिपाठी ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों और विवाह की कथाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। विशेष रूप से कृष्ण-राधा के प्रेम प्रसंग का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा के दौरान भजन और भगवान के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

24 नवंबर से चल रही श्रीमद्भागवत कथा में पंडित राहुल त्रिपाठी ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े प्रसंगों को सरल और रोचक शैली में प्रस्तुत किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी विवाह से जुड़े प्रसंगों का वर्णन करते हुए प्रेम, भक्ति, त्याग और समर्पण के महत्व पर प्रकाश डाला। कथा श्रवण के लिए पहुंचे श्रद्धालु पूरे मनोयोग से भगवान की लीलाओं का आनंद लेते रहे।

कथावाचक ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और उनकी लीलाएं मनुष्य को जीवन जीने की सही दिशा प्रदान करती हैं। उनके उपदेशों में प्रेम, सद्भाव, धर्म, कर्तव्य और मानवता का संदेश निहित है। भगवान श्रीकृष्ण ने अपने जीवन के माध्यम से यह बताया कि परिस्थितियां चाहे जैसी हों, मनुष्य को धर्म और सत्य के मार्ग पर चलते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सच्ची भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने आचरण में प्रेम, विनम्रता, सेवा और समर्पण को अपनाना भी भक्ति का महत्वपूर्ण स्वरूप है। भगवान के प्रति निष्काम प्रेम और विश्वास से मनुष्य को आत्मिक शांति प्राप्त होती है।

कथा के दौरान कृष्ण-राधा के प्रेम प्रसंग का वर्णन सुन श्रद्धालु भावविभोर हो गए। बीच-बीच में प्रस्तुत भजनों और जयकारों से पूरा पंडाल गूंजता रहा। आयोजन को लेकर कॉलोनी में धार्मिक उत्साह बना हुआ है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर रहे हैं।