वाराणसी : दीवानी न्यायालय में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, जिला जज ने पौधारोपण कर अभियान का किया शुभारंभ, जल संरक्षण का दिया संदेश
वाराणसी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में रविवार को दीवानी न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव शुक्ला ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल बचाने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
जिला जज ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा संचालित मिशन वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें भागीदारी की अपील की।
उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर उपलब्ध पीने योग्य जल की मात्रा सीमित है, जबकि समुद्री जल का उपयोग कृषि और मानव जीवन के लिए सीधे तौर पर संभव नहीं है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह जल संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाए।
जिला जज ने घरेलू स्तर पर पानी बचाने के सरल उपाय भी सुझाए। उन्होंने कहा कि आरओ मशीन से पानी फिल्टर होने के दौरान बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बह जाता है। यदि इस पानी को एकत्र कर पेड़-पौधों की सिंचाई, घर की साफ-सफाई या अन्य उपयोगों में लिया जाए तो प्रत्येक परिवार प्रतिदिन दो से तीन बाल्टी पानी बचा सकता है। उन्होंने लोगों से अपने घरों और आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने का भी आग्रह किया, ताकि हरियाली बढ़े, स्थानीय तापमान नियंत्रित रहे और बिजली की खपत में भी कमी आए।
कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय हुसैन अहमद अंसारी, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी रामकेश, वाणिज्यिक न्यायालय के पीठासीन अधिकारी अशोक सिंह यादव, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष अच्छे लाल गुप्ता, राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं एडीजे-06 आलोक कुमार, सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) राजीव मुकुल पांडेय सहित दीवानी न्यायालय के न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और परा विधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।