वाराणसी : हुकुलगंज व्यापार मंडल का वार्षिकोत्सव व नव वर्ष समारोह संपन्न, राज्यमंत्री ने देश के विकास में व्यापारियों के योगदान को सराहा 

हुकुलगंज व्यापार मंडल का वार्षिक उत्सव एवं नव वर्ष 2026 का समारोह रविवार को कबीर रोड स्थित सरोबा पैलेस में भव्य रूप से संपन्न हुआ। प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु गुरु’ मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि तथा वाराणसी व्यापार मंडल काशी प्रांत के अध्यक्ष प्रमोद अग्रहरि उपस्थित रहे।
 

वाराणसी। हुकुलगंज व्यापार मंडल का वार्षिक उत्सव एवं नव वर्ष 2026 का समारोह रविवार को कबीर रोड स्थित सरोबा पैलेस में भव्य रूप से संपन्न हुआ। प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु गुरु’ मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि तथा वाराणसी व्यापार मंडल काशी प्रांत के अध्यक्ष प्रमोद अग्रहरि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। राज्यमंत्री ने व्यापारियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि देश के आर्थिक विकास में व्यापारियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज भारत आर्थिक रूप से विश्व में चौथे स्थान पर खड़ा है, जिसमें व्यापारियों की मेहनत और योगदान की अहम भूमिका है। उन्होंने व्यापार जगत से ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए राष्ट्र निर्माण में निरंतर सहयोग देने का आह्वान किया।

भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि देश के बढ़ते राजस्व में उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा योगदान है। धार्मिक और पर्यटन स्थलों के निरंतर विकास से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है, जिसका सीधा लाभ व्यापारियों को भी मिल रहा है। उन्होंने व्यापारियों से सरकार की नीतियों का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को और सशक्त बनाने की अपील की।

वाराणसी व्यापार मंडल काशी प्रांत के अध्यक्ष प्रमोद अग्रहरि ने हुकुलगंज व्यापार मंडल के क्रिया-कलापों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह व्यापार मंडल पूरी निष्ठा, ईमानदारी और एकजुटता के साथ कार्य करता है। उन्होंने मंडल की सामाजिक और व्यापारिक गतिविधियों की प्रशंसा की।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला। व्यापार मंडल की ओर से लोकगीत गायिका सुमन अग्रहरि ने मनमोहक संगीत प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। इसके साथ ही संस्था द्वारा स्वरुचि भोज का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हुकुलगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष चंद्रभूषण दास ने की, जबकि संचालन कीर्ति प्रकाश पांडे ने किया। इस अवसर पर सन्नी जोहर, प्रदीप जायसवाल, महेंद्र मोहन मिश्रा, राजेश वर्मा, बब्लू अग्रहरि, मोहम्मद असलम, संजय यादव, पंचम अग्रहरि, मनोज अग्रहरि, अरुण, कोषाध्यक्ष विष्णु गुप्ता, बल्लू यादव, बब्लू चौहान, लल्लू यादव, हरी अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण उपस्थित रहे।