वाराणसी: दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान के 8वें वार्षिकोत्सव समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, संस्था की युवतियों व महिलाओं को बांटे गए सिलाई मशीन

 
वाराणसी। सामाजिक और सांस्कृतिक संस्था दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान का 8वां वार्षिकोत्सव रविवार को गोलघर स्थित पराड़कर भवन में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जो दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर गए। नन्हे मुन्हे बच्चों की प्रस्तुति देख दर्शक भावविभोर हो उठे।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और संस्था के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर गणेश वंदना से की। इसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनों का मनोरंजन किया।

समाजसेवा और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम

इस मौके पर संस्था की अध्यक्ष संतोषी शुक्ला ने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से समाज सेवा के कार्य में सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य नारी शक्ति को आत्मनिर्भर बनाना है। इस दिशा में संस्था द्वारा सिलाई और कढ़ाई में उत्कृष्ट कार्य करने वाली युवतियों को सिलाई मशीन और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

उन्होंने आगे कहा, “हमारा उद्देश्य है कि जो बच्चियां यहां नि:शुल्क प्रशिक्षण ले रही हैं, वे न केवल आत्मनिर्भर बनें, बल्कि दूसरों को भी इस राह पर चलने के लिए प्रेरित करें। हम बच्चों को उच्च शिक्षा देने और बड़ी बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयासरत हैं।”

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह का आयोजन

कार्यक्रम रविवार दोपहर से शुरू होकर देर शाम तक चला। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के सभी पदाधिकारी मौजूद थे और उन्होंने आयोजन की सफलता पर खुशी व्यक्त की।