वाराणसी : धूमधाम से मनाया गया तुलसी निकेतन बालिका इंटर कॉलेज का 50वां वार्षिकोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्राओं ने मोहा मन
वाराणसी। वरुणापार क्षेत्र के पांडेयपुर–खजुरी स्थित तुलसी निकेतन बालिका इंटर कॉलेज में शनिवार को 50वां वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कौशाम्बी के सांसद पुष्पेंद्र सरोज रहे। कॉलेज की प्रबंधक मीना सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने नाटक मंचन, मनोहारी गीत, कव्वाली और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और तालियों की गूंज से परिसर उत्साह से भर उठा।
इस अवसर पर सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने कॉलेज के स्वर्णिम 50 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय के संस्थापकों को नमन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन की सच्ची संस्कारशाला है। शिक्षक की भूमिका समाज और राष्ट्र निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब तक शिक्षक सशक्त नहीं होंगे, तब तक शिक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि परिवार हो या समाज, बच्चों को सही शिक्षा और संस्कार देना हम सभी का कर्तव्य है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। हाईस्कूल की छात्रा कृतिका यादव, इंटर की छात्रा गीतिका कुमारी, सोनम यादव और पृष्यल कुमारी को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन दिनेश सिंह ने किया, जबकि अनुराग यादव और निशू यादव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। वार्षिक उत्सव में अभिभावक, शिक्षकगण और स्थानीय गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।