वाराणसी : किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया अपने साथ, आरोपी पकड़ाया, लड़की बरामद

सिगरा थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। 
 

वाराणसी। सिगरा थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। 

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के निर्देशन में सिगरा पुलिस ने कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी समीर कुमार को बड़ी मलदहिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी समीर कुमार पुत्र रामजीत मूल रूप से डोमखाना बड़ी मलदहिया का निवासी है और थाना सिगरा क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस के अनुसार पीड़िता की बड़ी बहन ने थाना सिगरा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 14 वर्षीय छोटी बहन को समीर बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। परिवार की खोजबीन में जानकारी मिली थी कि आरोपी लड़की को प्रयागराज लेकर गया है और वापस नहीं लौट रहा है। परिजनों ने लड़की के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका जताई थी।

शिकायत के आधार पर थाना सिगरा में मुकदमा संख्या 0204/2026 धारा 137(2) और 87 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय, महिला उपनिरीक्षक डाली साहू तथा पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।